*रायपुर।* छत्तीसगढ़ राज्य कर (GST) विभाग में 2021 और 2022 में हुई 42 वाणिज्यिक कर निरीक्षकों की भर्ती आखिरकार रद्द कर दी गई है। राज्य कर आयुक्त पुष्पेंद्र कुमार मीणा ने इस संबंध में आदेश जारी कर सभी 42 निरीक्षकों को उनके मूल पद लिपिक पर पदावनत कर दिया है। विभाग ने संभावित कानूनी चुनौती को देखते हुए हाईकोर्ट में कैविएट भी दायर कर दिया है।
विभागीय जांच समिति की रिपोर्ट में भर्ती प्रक्रिया में बड़े पैमाने पर गड़बड़ी का खुलासा हुआ है, जिसके बाद यह कार्रवाई की गई है।
*विधानसभा तक उठा था मामला*

सूत्रों के मुताबिक 2021 और 2022 में सीमित भर्ती परीक्षा के जरिए 42 लिपिकों को निरीक्षक बनाया गया था। इस भर्ती में लेन-देन की शिकायतें शुरू से थीं। मामला कई बार विधानसभा में भी उठा था। लगातार शिकायतों के बाद आयुक्त पुष्पेंद्र मीणा ने जांच समिति बनाई।
*जांच में क्या-क्या मिला -*
जांच समिति ने जो रिपोर्ट दी है, वह चौंकाने वाली है –
*1.* दोनों साल बिना परीक्षा परिणाम घोषित किए सीधे चयन सूची जारी कर दी गई।
*2.* आरक्षण नियमों का पालन नहीं किया गया।
*3.* उत्तर पुस्तिकाओं का पुनर्मूल्यांकन कर अंक बढ़ाए गए। गलत जवाब पर भी नंबर दिए गए।
*4.* सभी चयनित अभ्यर्थियों ने प्रश्नों के लगभग एक समान जवाब लिखे थे। जैसे डॉ. खूबचंद बघेल पर निबंध सभी ने हू-ब-हू एक जैसा लिखा।
*5.* चयन समिति ने खुद स्वीकार किया कि प्रश्न पत्र और उत्तर पुस्तिकाएं बिना सील के तत्कालीन आयुक्त समीर विश्नोई खुद परीक्षा हॉल में लेकर पहुंचे थे। उपस्थिति रजिस्टर तक समिति नहीं दिखा पाई।
*6.* अर्हता तिथि में भी हेरफेर – कुछ अभ्यर्थी तो स्नातक भी पास नहीं थे, उन्हें लाभ देने के लिए तिथि बदली गई। कई तो 10 साल पहले भृत्य के पद पर भर्ती हुए थे, 5 साल में लिपिक और फिर 5 साल में सीधे इंस्पेक्टर बन गए।
*RTI मांगने पर सूचना अधिकारियों को हटाया*
जब चयनित सूची के बाद अभ्यर्थियों ने RTI से अपनी कॉपी और रिजल्ट मांगा, तो मामले को दबाने के लिए जनसूचना अधिकारी और अपीलीय अधिकारियों को हटा दिया गया और चयन समिति के सदस्यों – तत्कालीन अपर आयुक्त कल्पना तिवारी, संयुक्त आयुक्त टीआर धुर्वे और सहायक आयुक्त रौशन सिंह को ही सूचना अधिकारी बना दिया गया। इस पूरी भर्ती को तत्कालीन आयुक्त समीर विश्नोई ने अंजाम दिया था।
*ये हैं वो 42 नाम जिनकी भर्ती रद्द हुई -*
*2021 बैच (21 नाम) -* आकाश त्रिपाठी, दिव्य प्रकाश वर्मा, भरत लाल साहू, ओम नारायण बघेल, संतु राम सलाम, नीरज श्रीवास्तव, अमित हुमने, भूषण कुर्रे, तोमन लाल भुआर्या, यज्ञेश दीवान, पुष्पेंद्र करश, विधान रंजन कुल्लू, युगल किशोर साहू, मलिक राम बांधे, लाल साय राम, गो शिवेंद्र टांडे, सत्य नारायण नेताम, मोनिका दीवान, जितेंद्र नेताम, दुरूपरसाय मांझी, अनिल कुमार जांगड़े।
*2022 बैच (21 नाम) -* सुरेश कुमार गुप्ता, प्रभात चंद्र तिवारी, अजय कौशिक, हितेश कुमार दुबे, दीपा उधवानी, रितु सोनकर, दीपेश कुमार साहू, गायत्री सिन्हा, गजेंद्र कुमार तिवारी, ओम प्रकाश साहू, मनीष चेलक, ताम्रध्वज साहू, नंदनी साहू, दीपक तुरियाकर, अमर सिंह कंवर, उदयराम ध्रुव, रमेश कुमार धृतलहरे, दीप्ति मरकाम, चंद्रकांत ठाकुर, दीपक कुजूर, राकेश कुमार मिंज।


