रायगढ़। भारतीय संस्कृति में गुरु को ईश्वर से भी श्रेष्ठ स्थान दिया गया है। इसी महान परंपरा को आगे बढ़ाते हुए ट्विंकल स्टार सीनियर सेकेंडरी स्कूल, में गुरु पूर्णिमा का पावन पर्व अत्यंत श्रद्धा, गरिमा एवं उत्साह के साथ मनाया गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ माँ सरस्वती के समक्ष दीप प्रज्ज्वलन एवं पुष्पांजलि अर्पित कर किया गया। विद्यालय परिसर भक्तिमय वातावरण से सराबोर रहा। विद्यार्थियों ने स्वागत गीत, कविता, प्रेरक विचार एवं सांस्कृतिक प्रस्तुतियों के माध्यम से गुरु-शिष्य परंपरा की महत्ता को प्रभावशाली ढंग से प्रस्तुत किया तथा अपने गुरुओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त की।

इस अवसर पर विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती विभा कुमार ने अपने प्रेरणादायी संबोधन में कहा कि “गुरु केवल शिक्षा देने वाले नहीं, बल्कि विद्यार्थियों के व्यक्तित्व, चरित्र और भविष्य के निर्माता होते हैं। शिक्षा तभी सार्थक होती है जब उसमें संस्कार, अनुशासन और मानवीय मूल्यों का समावेश हो।” उन्होंने विद्यार्थियों से सदैव अपने गुरुओं का सम्मान करने तथा उनके बताए मार्ग पर चलकर समाज और राष्ट्र के आदर्श नागरिक बनने का आह्वान किया।

विद्यालय की प्राचार्या श्रीमती मेघा डबेडकर ने कहा कि गुरु जीवन के ऐसे प्रकाश स्तंभ हैं, जो अज्ञान के अंधकार को दूर कर ज्ञान का प्रकाश फैलाते हैं। उन्होंने विद्यार्थियों को अपने शिक्षकों के प्रति सम्मान, समर्पण और अनुशासन की भावना बनाए रखने की प्रेरणा दी।

कार्यक्रम के दौरान विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों का तिलक लगाकर, पुष्प अर्पित कर एवं शुभकामनाएँ देकर सम्मान किया। इस अवसर पर विद्यालय परिवार की ओर से सभी शिक्षकों के प्रति आभार व्यक्त किया गया तथा उनके शिक्षा एवं राष्ट्र निर्माण में अमूल्य योगदान की सराहना की गई।

विद्यालय की डायरेक्टर श्रीमती विभा कुमार एवं प्राचार्या श्रीमती मेघा डबेडकर ने सभी विद्यार्थियों और शिक्षकों को गुरु पूर्णिमा की शुभकामनाएँ देते हुए कहा कि ट्विंकल स्टार सीनियर सेकेंडरी स्कूल सदैव गुणवत्तापूर्ण शिक्षा के साथ भारतीय संस्कृति, नैतिक मूल्यों एवं संस्कारों को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध रहेगा।

गुरु पूर्णिमा का यह आयोजन विद्यार्थियों के लिए प्रेरणादायी एवं संस्कारमय अनुभव साबित हुआ तथा सभी ने अपने गुरुओं के प्रति सम्मान और कृतज्ञता व्यक्त करने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *