रायगढ़ शहर के अपराजिता TVS शोरूम पर एक ग्राहक ने वारंटी अवधि के दौरान भी लेबर चार्ज वसूले जाने का आरोप लगाया है। ग्राहक का दावा है कि उसने करीब चार महीने पहले TVS iQube इलेक्ट्रिक स्कूटी खरीदी थी। हाल ही में स्कूटी में तकनीकी खराबी आने पर वह उसे शोरूम के सर्विस सेंटर लेकर पहुंचा।
ग्राहक के अनुसार, वाहन अभी वारंटी अवधि में है, इसके बावजूद सर्विस सेंटर द्वारा लेबर चार्ज के नाम पर ₹364 का बिल दिया गया। ग्राहक का यह भी आरोप है कि उसे कहा गया कि लेबर चार्ज का भुगतान किए बिना वाहन नहीं दिया जाएगा।
इस पूरे घटनाक्रम से नाराज ग्राहक ने मामले को उपभोक्ता फोरम तक ले जाने की तैयारी शुरू कर दी है। उनका कहना है कि यदि वाहन वारंटी में है, तो ऐसी स्थिति में अतिरिक्त शुल्क लेना उचित नहीं है।
हालांकि, इस मामले में अपराजिता TVS शोरूम का पक्ष अभी सामने नहीं आया है। शोरूम का पक्ष प्राप्त होने पर उसे भी प्रमुखता से प्रकाशित किया जाएगा।


