श्रमिक दिवस पर मजदूरों का सम्मान, शॉल व श्रीफल भेंट कर बढ़ाया मान

मरीन ड्राइव व नालंदा परिसर में गरिमामयी आयोजन

अंतर्राष्ट्रीय श्रमिक दिवस के अवसर पर भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ द्वारा रायगढ़ में एक विशेष सम्मान समारोह का आयोजन किया गया। कार्यक्रम मरीन ड्राइव और नालंदा परिसर में संपन्न हुआ, जहां शहर के श्रमिकों को शॉल एवं श्रीफल भेंट कर सम्मानित किया गया।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित भाजपा जिला महामंत्री श्री विकास केडिया ने अपने संबोधन में कहा कि श्रमिक समाज की असली ताकत हैं। उन्होंने कहा,
“यह दिन उन मेहनतकश हाथों के सम्मान का है जो देश के विकास की नींव रखते हैं। नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में केंद्र सरकार ‘श्रमेव जयते’ के सिद्धांत को आगे बढ़ा रही है।”

महापौर श्री जीवर्धन चौहान ने भी श्रमिकों के योगदान को सराहते हुए कहा कि शहर की अधोसंरचना और सुंदरता में मजदूरों का महत्वपूर्ण योगदान है, और उनका सम्मान करना हम सभी का कर्तव्य है। वहीं जिला मंत्री श्री पावन अग्रवाल ने श्रमिकों को समाज का “असली नायक” बताया।

कार्यक्रम का आयोजन झुग्गी झोपड़ी प्रकोष्ठ के प्रदेश सह-कोषाध्यक्ष श्री अशोक यादव तथा जिला संयोजक श्री अरुण सिंह के मार्गदर्शन में किया गया। आयोजकों ने बताया कि प्रकोष्ठ लगातार झुग्गी बस्तियों और श्रमिक परिवारों के उत्थान एवं उनकी समस्याओं के समाधान के लिए कार्य कर रहा है।

इस अवसर पर श्री शशिभूषण चौहान, भाजयुमो जिला मंत्री श्री अंकित मिश्रा, मंडल अध्यक्ष श्री खगेश देवांगन, श्री कमल किशोर केसरवानी, श्री अमन वैष्णव सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता एवं श्रमिक उपस्थित रहे।

श्रमिकों में दिखा उत्साह

सम्मान प्राप्त करने के बाद श्रमिकों ने खुशी जाहिर की और आयोजकों का आभार व्यक्त किया। कार्यक्रम के अंत में सभी ने “भारत माता की जय” के जयकारे लगाए और देश के विकास में निरंतर योगदान देने का संकल्प लिया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *