उप डाकघर सदर बाजार में अव्यवस्था का आलम
न प्रसाधन की सुविधा, न पानी की व्यवस्था, एक कूलर जो फेंकता है गर्म हवा
रायगढ़। शहर के सदर बाजार स्थित उप डाकघर में अव्यवस्था का आलम है। यहां न तो प्रसाधन की सुविधा है और पानी की व्यवस्था। इस भीषण गर्मी से राहत दिलाने के नाम पर एक कूलर लगा दिया गया है, जो गर्म हवा फेंकता है। यहां प्रतिदिन महिला अभिकर्ताओं के साथ सैकड़ों ग्राहक पहुंचते हैं, जो यहां की अव्यवस्था से परेशान हैं। महिला कर्मचारी भी पदस्थ हैं, जिन्हें प्रसाधन की सुविधा नहीं होने से खासी दिक्कतों का सामना करना पड़ता है। ऐसा नहीं है कि इसकी जानकारी डाकघर अधीक्षक को नहीं है। यहां पदस्थ डाकपाल ने यहां की अव्यवस्था सुधारने कई बार पत्रचार किया है, लेकिन अब तक यहां की समस्याओं का निराकरण करने कोई पहल नहीं की गई है। इससे यहां आने वाले ग्राहकों व अभिकर्ताओं में काफी नाराजगी है।
डाकघर केंद्र सरकार का सार्वजनिक उपक्रम है, उसके बाद भी उप डाकघर सदरबाजार में ग्राहकों की सुविधा के लिए कोई पहल नहीं की जा रही है। यहां पानी, प्रसाधन जैसी बुनियादी सुविधाएं भी उपलब्ध नहीं है, जबकि यहां महिला कर्मचारी भी कार्यरत हैं। बड़ी संख्या में महिला अभिकर्ता भी हैं, जो प्रतिदिन यहां पैसा जमा करने आती हैं। इसके साथ ही सैकड़ों ग्राहक हैं, जिनके यहां खाते हैं। जब वे यहां पहुंचते हैं, तो यहां की अव्यवस्था को देख कोसते नजर आते हैं। एक ओर शहर का तापमान 42 डिग्री सेल्सियस से ऊपर चल रहा है। इस भीषण गर्मी से राहत दिलाने की भी कोई पहल नहीं की गई है। एकमात्र कूलर है, जो पानी के अभाव में गर्म हवा फेंकता है। इसी तरह कार्यालय में यत्र-तत्र कबाड़ भी फैला हुआ है। यहां की अव्यवस्था व समस्याओं के लिए ग्राहक डाकपाल से शिकायत करते हैं, लेकिन वे भी असहाय नजर आते हैं। डाकपाल ने बताया कि मैंने 8-9 पहले ही यहां की सुविधा के लिए अधीक्षक डाकघर रायगढ़ को पत्र लिखा था, लेकिन अभी तक कोई कार्रवाई नहीं हुई। चर्चा में डाकपाल खुद को भी असुविधा से पीडि़त होना बताते हुए एक बार फिर अधीक्षक को पत्राचार करने की बात करते हैं। इधर ग्राहकों ने समस्या दूर नहीं होने पर उच्च कार्यालय व न्यायालय का दरवाजा खटखटाने की बात कही है। उनका कहना है कि डाकघर के कर्मचारी कुंभकर्णी नींद से जागे और सर्वोच्च न्यायालय के आदेशों के अनुसार कार्यालय में बुनियादी सुविधाएं उपलब्ध कराएं।


