रायगढ़. छत्तीसगढ़ के रायगढ़ जिला में एक हाथी के शावक का शव जंगल में पड़ा मिला है। सुबह के समय हाथी ट्रैकिंग कर रहे हाथी मित्र दल के सदस्यों ने देखा और मामले की जानकारी उच्चाधिकारियों को दी। जिसके बाद शव का पंचनामा कर पोस्टमार्टम कराया गया। वहीं हाथी शावक की मौत के कारणों का पता नहीं चल सका है। मामला लैलूंगा वन परिक्षेत्र का है।
मिली जानकारी के मुताबिक बुधवार की सुबह हाथी मित्र दल के सदस्य लैलूंगा रेंज के चिल्कागुड़ा और अंडोडेरा क्षेत्र में हाथियों की ट्रैकिंग कर रहे थे। तभी उन्होंने कक्ष क्रमांक 176 आरएफ में एक बेबी एलिफेंट का शव देखा। जिसके बाद मामले की जानकारी वन विभाग के अधिकारियों को दी। ऐसे में एसडीओ, रेंजर समेत अन्य वनकर्मी मौके पर पहुंचे। जहां प्रारंभिक जांच में हाथी के शव में कोई चोट के निशान नजर नहीं आए। इसके बाद शव का पंचनामा कर चिकित्सकों से पोस्टमार्टम कराया गया। जहां मौत के कारणों का खुलासा स्पष्ट रूप से नहीं होने पर उसके सैंपल को बरैली लैब भेजा गया है।

बताया जा रहा है कि लैलूंगा रेंज में 13 हाथियों का झुंड विचरण कर रहा था और उसमें 4-5 शावक भी हैं। जिसकी निगरानी की जा रही थी और उसी दल में यह शावक शामिल था, जो सबसे छोटा रहा होगा। इसकी उम्र तकरीबन 1 माह से कम बताई जा रही है।

इस संबंध में लैलूंगा सबडिविजन एसडीओ एमएल सिदार ने बताया कि मामले की सूचना मिलने के बाद मौके पर पहुंच कर जांच की गई। अभी मौत का कारण स्पष्ट नहीं है। कोई इंफेक्शन इसकी वजह हो सकती है। हांलाकि सैंपल को बरैली लैब भेजा जा रहा है। फिलहाल मामले में जांच जारी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *