छत्तीसगढ़ के स्थापना दिवस के मौके पर रायगढ़ जिले से एक हैरान करने वाली तस्वीर सामने आई है।
जिस अटल बिहारी वाजपेयी ने छत्तीसगढ़ राज्य का निर्माण किया, उन्हीं की मूर्ति पर राज्य स्थापना दिवस के दिन माल्यार्पण नहीं किया गया।
जबकि पूरे प्रदेश में जश्न और कार्यक्रमों का दौर चल रहा था, लेकिन रायगढ़ में पूर्व प्रधानमंत्री अटल जी की मूर्ति पर एक माला तक नहीं पहनाई गई। इसे लेकर अब शहर में नाराजगी है।

1 नवंबर को छत्तीसगढ़ ने अपना 25वां स्थापना दिवस मनाया। पूरे प्रदेश में सरकारी कार्यक्रम हुए, सांस्कृतिक आयोजन हुए, लेकिन रायगढ़ में भारत रत्न अटल बिहारी वाजपेयी की मूर्ति उपेक्षा का शिकार हो गई। शहर के हृदय स्थल पर लगी अटल जी की मूर्ति पर प्रशासन या जनप्रतिनिधियों में से किसी ने भी माल्यार्पण करना जरूरी नहीं समझा।
गौरतलब है कि अटल बिहारी वाजपेयी ही वो प्रधानमंत्री थे, जिन्होंने साल 2000 में छत्तीसगढ़, झारखंड और उत्तराखंड… तीन नए राज्यों का निर्माण किया था। छत्तीसगढ़ की जनता उन्हें राज्य निर्माता के तौर पर देखती है। ऐसे में राज्य के सबसे बड़े पर्व पर ही उन्हें भुला देना कई सवाल खड़े करता है।
स्थानीय लोगों और भाजपा कार्यकर्ताओं का कहना है कि ये सिर्फ एक चूक नहीं, बल्कि अटल जी के योगदान का अपमान है। लोगों ने मांग की है कि प्रशासन को इस मामले में ध्यान देना चाहिए और अटल जी की मूर्ति के रख-रखाव और सम्मान को सुनिश्चित करना चाहिए।


