राष्ट्रीय स्तर की कथक प्रतियोगिता में रायगढ़ की सौम्या शर्मा प्रथम
रायगढ़। शहर की होनहार छात्रा कु. सौम्या शर्मा ने राष्ट्रीय स्तर पर शानदार उपलब्धि हासिल कर रायगढ़ का नाम रोशन किया है। पुणे में आयोजित अखिल लोक कला ऑर्गेनाइजेशन के तहत 10वें ऑल इंडिया डांस कॉम्पिटिशन में सौम्या शर्मा ने कथक विधा के सीनियर वर्ग में प्रथम स्थान प्राप्त किया। यह प्रतियोगिता 22 मई 2026 को आयोजित हुई, जिसमें देशभर से अनेक प्रतिभागियों ने विभिन्न नृत्य शैलियों में हिस्सा लिया।
कु. सौम्या शर्मा रायगढ़ शहर के कार्मेल स्कूल की कक्षा 7वीं की छात्रा हैं। वे गांजा चौक ठेठवार पारा निवासी श्री अमित कुमार शर्मा एवं श्रीमती सुनीता शर्मा की पुत्री हैं। उनकी नृत्य शिक्षिका श्रीमती पूजा जैन, जो कोतरा रोड हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में निवासरत हैं, के मार्गदर्शन में सौम्या लगातार कथक नृत्य में उत्कृष्ट प्रदर्शन कर रही हैं।
सौम्या इससे पहले भी जयपुर, कोलकाता सहित देश के कई बड़े शहरों में आयोजित विभिन्न प्रतियोगिताओं में भाग लेकर अपनी प्रतिभा का प्रदर्शन कर चुकी हैं। उनकी इस उपलब्धि से परिवार, स्कूल और पूरे शहर में खुशी का माहौल है। शहरवासियों ने सौम्या को उज्ज्वल भविष्य के लिए शुभकामनाएं दी हैं।


